सारण: अवैध हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ 3 गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण पुलिस को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान के दौरान तरैया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि पचरौर बाजार से रसीदपुर जाने वाले सड़क मार्ग पर कुछ व्यक्ति अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने खदेड़कर उन्हें दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस संबंध में तरैया थाना कांड संख्या-272/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैयद साजिद (रसीदपुर), सद्दाम हुसैन (अंधरबाड़ी) और हाजी अली (छोटा माधोपुर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सैयद साजिद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। सारण पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों एवं अवैध हथियार कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

