एकमा में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 2 जुलाई तक घर-घर पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: विशेष अभियान का शुभारंभ हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एकमा में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार ने एक शिशु को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रखंड एवं नगर पंचायत क्षेत्र के शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रह जाए।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर डॉ. इरफान अहमद, डॉ. अमरजीत सिंह, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रतिरक्षण पदाधिकारी बी.के. चौधरी, स्वास्थ्य कर्मी राहुल दुबे, जितेंद्र कुमार, सीएचओ आदर्श तिवारी, हाउसकीपिंग सुपरवाइजर परवेज अख्तर, सुरक्षा गार्ड शाहिद अंसारी, रामजी तिवारी, मुन्ना मांझी, लैब टेक्नीशियन सुनील कुमार गुप्ता सहित एएनएम, जीएनएम एवं बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान के पहले दिन से ही नगर पंचायत एकमा सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों और पंचायतों में पहुंचकर "दो बूंद जिंदगी की" संदेश के साथ बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रही हैं। प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर ने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए 30 सुपरवाइजर एवं 101 टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमों को घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा पिलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन की प्रगति की समीक्षा के लिए रविवार की शाम सीएचसी एकमा के सभागार में स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक भी आयोजित की गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पहले दिन के टीकाकरण का विस्तृत आंकड़ा उपलब्ध नहीं हो सका था। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं, जिससे पोलियो मुक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य सफल बनाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि अभियान की शुरुआत से एक दिन पूर्व शनिवार को सीएचसी एकमा परिसर से जागरूकता रैली भी निकाली गई थी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार एवं डॉ. इरफान अहमद के नेतृत्व में निकली इस रैली ने नगर पंचायत एकमा बाजार, ब्लॉक रोड एवं अन्य क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया था।
एकमा पल्स पोलियो अभियान, सारण पोलियो अभियान, सीएचसी एकमा, डॉ साजन कुमार, दो बूंद जिंदगी की, पल्स पोलियो 2026, स्वास्थ्य विभाग सारण, पोलियो टीकाकरण
#PulsePolio #Ekma #Saran #Bihar #PolioCampaign #TwoDropsOfLife #ChildHealth #PublicHealth #Vaccination #Healthcare #Immunization #HealthDepartment #IndiaHealth #PulsePolio2026

