जनता दरबार में भूमि विवाद के 12 मामलों का निष्पादन, तीन मामले जांच के लिए लंबित
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर कुल 15 फरियादी पहुंचे, जिनकी शिकायतों की सुनवाई अधिकारियों द्वारा की गई।
जनता दरबार में अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण एवं दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह की उपस्थिति में सभी मामलों पर विस्तार से सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें और उपलब्ध दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद 15 में से 12 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जिससे संबंधित पक्षों को राहत मिली।
वहीं, शेष तीन मामलों में आवश्यक अभिलेखों एवं तथ्यों की गहन जांच की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर मामले लंबित रखे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद इन मामलों का भी निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाएगा।
अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक भागदौड़ और लंबी कानूनी प्रक्रिया का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर डीईओ ब्रजेश राज, संबंधित फरियादी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। जनता दरबार में मामलों के निष्पादन से फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

