सड़क जाम और पथराव मामले में 25 नामजद समेत 90 अज्ञात पर प्राथमिकी, एक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के कौरुधौरु के समीप एनएच-19 पर सड़क जाम और पुलिस पर पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस संबंध में मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए 25 लोगों को नामजद तथा 80 से 90 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटनास्थल से तीन बाइक भी जब्त की गई हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मांझी के दुर्गापुर ब्रह्म स्थान के समीप एक ऑटो और बाइक की टक्कर में कौरुधौरु निवासी स्वर्गीय राम परसन साह के पुत्र मुकेश कुमार साह की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण आक्रोशित हो गए और स्थानीय औघड़ बाबा मंदिर के समीप एनएच-19 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया और सड़क पर यातायात बहाल कराया।
घटना के बाद मांझी थाना में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सड़क जाम करने और पुलिस पर हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच घटना और पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

