एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, हथियार व कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: रिविलगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, चाकू, मोबाइल, एटीएम कार्ड एवं बड़ी मात्रा में नगद राशि बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 17 मई 2026 को रिविलगंज थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम समसुद्दीनपुर निवासी शंकर राय एवं राजकुमार राय लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करते हैं तथा हथियारों की खरीद-बिक्री में भी संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रिविलगंज के नेतृत्व में टीम गठित कर दोनों आरोपितों के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, चार चाकू, पांच मोबाइल, दो एटीएम कार्ड, एक मोटरसाइकिल तथा एक लाख 62 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए। बरामद सामानों के संबंध में पूछताछ करने पर अभियुक्त कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस पूछताछ में शंकर राय ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई राजकुमार राय एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर गिरोह बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में एटीएम कार्ड अदला-बदली कर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने यह भी बताया कि बरामद नगद राशि ठगी की कमाई है तथा देशी कट्टा एवं कारतूस का उपयोग घटना को अंजाम देने में किया जाता था।
इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 287/26, दिनांक 18 मई 2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में समसुद्दीनपुर निवासी शंकर राय एवं राजकुमार राय शामिल हैं। कार्रवाई में रिविलगंज थाना अध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

