नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लगभग तीन किलो गांजा के साथ पान दुकानदार गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: “नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र में अवैध गांजा कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर करीब 2.960 किलोग्राम गांजा एवं 36 मिट्टी के चिलम बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 18 मई 2026 को नगर थाना को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र में एक पान दुकानदार अपनी दुकान पर अवैध गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पान दुकान पर छापेमारी की।
अंचलाधिकारी सदर की उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान दुकान से लगभग 2.960 किलोग्राम गांजा तथा 36 मिट्टी के चिलम बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दुकानदार मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पूर्वी रौजा निवासी मनोज कुमार, पिता जालंधर राय के रूप में हुई है। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 458/26, दिनांक 18 मई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सूचना एवं सहयोग देकर समाज को नशामुक्त बनाने में मदद करें। कार्रवाई में नगर थाना अध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

