“चक धूम- धूम समर कैंप 2026” का भव्य आगाज, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: किलकारी बिहार बाल भवन द्वारा आयोजित “चक धूम- धूम समर कैंप 2026” का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सारण की जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती एवं प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक मीरा कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कला, संस्कृति, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने समर कैंप को बच्चों की प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट मंच बताते हुए इसके सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने रहे। संगीत विधा से जुड़े बच्चों ने स्वागत गीत “स्वागतम् स्वागतम्” प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद लोकगीत, ट्रैक म्यूजिक तथा समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। विशेष आकर्षण के रूप में लगभग 150 बच्चों द्वारा प्रस्तुत “चक धूम- धूम” भव्य समूह नृत्य ने उपस्थित दर्शकों, अभिभावकों एवं अतिथियों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के दौरान समर कैंप में संचालित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि कैंप के अंतर्गत संगीत, नृत्य, चित्रकला, कंप्यूटर शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को उनकी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, नई विधाएं सीखने तथा आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान करना है।
समारोह को सफल बनाने में कार्यालय टीम, प्रशिक्षक दल, सहयोगी कर्मियों एवं किलकारी परिवार की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।
#Kilkari #SummerCamp2026 #Saran #Bihar #ChildrenActivities #CulturalProgram #ArtAndCulture #KidsTalent #BiharNews #Education

