छात्र सम्मान समारोह में मेडल और रिपोर्ट कार्ड पाकर खिले बच्चों के चेहरे
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के शनिचरा बाजार स्थित डॉन बॉस्को इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के साथ उनके अभिभावकों की भी विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक में बच्चों का वार्षिक रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों के सामने वितरित किया गया, जिससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद को और सशक्त बनाने की पहल की गई।
समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जूनियर सेक्शन की टॉपर स्वेता कुमारी और सीनियर सेक्शन के टॉपर रेहान आलम को प्रोग्रेस रिपोर्ट के साथ मेडल एवं दीवार घड़ी देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मेडल और उपलब्धियों के साथ बच्चों के चेहरों पर झलकती खुशी ने अभिभावकों को भी भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने मंच से विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और अभिभावकों की भागीदारी भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर रिपोर्ट कार्ड सौंपने से बच्चों की पढ़ाई में और सुधार संभव है, जिससे शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।
विद्यालय के प्राचार्य धीरज पाठक ने कहा कि अभिभावक और शिक्षक के बीच बेहतर समन्वय ही बच्चों के समग्र विकास की कुंजी है। उन्होंने बताया कि अभिभावक अब बच्चों की कमजोरियों को खुलकर साझा कर रहे हैं और शिक्षक भी उसे अपनी जिम्मेदारी मानकर सुधार की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
इस अवसर पर ज्ञानेश्वर तिवारी, सुनील कुमार पाण्डेय, रंजन शर्मा, सत्या सिंह, अशोक यादव, संजीव श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवांगी शुक्ला ने किया और समारोह में सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक शामिल हुए।
Manjhi School News, Don Bosco International School Manjhi, Student Felicitation Ceremony, Bihar Education News, Saran School News

