ऑपरेशन ‘नया सवेरा 2.0’: छापेमारी में 8 नाबालिग लड़कियां मुक्त, एक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार अहले सुबह विभिन्न थानों की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर 8 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया और एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘नया सवेरा 2.0’ के अंतर्गत की गई, जिसमें सहाजितपुर और इशुआपुर थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा समूहों की घेराबंदी कर सघन छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई लड़कियों को जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य कराया जा रहा था। इनमें नेपाल की 1, उत्तर प्रदेश की 2, सीतामढ़ी की 1, पूर्वी चम्पारण की 1, छत्तीसगढ़ की 1 तथा उड़ीसा की 2 नाबालिग शामिल हैं। इस दौरान आर्केस्ट्रा से जुड़े एक संचालक सहयोगी सुरज कुमार (पिता-अवध महतो, निवासी-सामपुर, थाना-इशुआपुर, जिला-सारण) को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में महिला थाना में कांड संख्या-40/26, दिनांक 09.04.2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस द्वारा मई 2024 से अब तक चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में कुल 333 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है। इस दौरान 41 कांड दर्ज करते हुए 108 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में महिला थाना, सहाजितपुर एवं इशुआपुर थाना के थानाध्यक्षों के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी, प्रभारी एएचटीयू सारण तथा मिशन मुक्ति फाउंडेशन के सदस्य शामिल रहे। पुलिस द्वारा महिलाओं के शोषण के विरुद्ध ‘आवाज दो’ अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत आम जनता से सहयोग की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 9031600191 जारी किया गया है।
Saran Police Operation Naya Savera, Chhapra News, Human Trafficking Rescue Bihar, Minor Girls Rescued, Saran Police Action
#SaranPolice #ChhapraNews #HumanTrafficking #RescueOperation #BiharNews

