संघर्ष, सादगी और समाज सेवा के प्रतीक रहे स्व. चन्देश्वर सिंह, पुण्यतिथि पर नम हुई आंखें
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: समाजवादी विचारधारा के सशक्त स्तंभ, जेपी सेनानी एवं पूर्व प्रधानाध्यापक स्वर्गीय चन्देश्वर सिंह की पाँचवीं पुण्यतिथि रविवार को अत्यंत भावुक माहौल में मनाई गई। छपरा शहर के चौदमारी रोड स्थित वी.आई.पी. कॉलोनी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जैसे ही उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए गए, पूरा वातावरण श्रद्धा और सम्मान से भर उठा। सभा की अध्यक्षता कॉमरेड अरुण सिंह ने की, जहां सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में स्व. चन्देश्वर सिंह के जीवन को एक प्रेरणादायक गाथा बताया। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ एक शिक्षक नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाले मार्गदर्शक थे। एकमा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। 1974 के जेपी छात्र आंदोलन और कर्पूरी ठाकुर के आंदोलनों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उनके संघर्षशील व्यक्तित्व को और मजबूत किया। जेल यात्राएं झेलने के बावजूद उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और जीवनभर किसानों, गरीबों एवं शोषितों के हक की आवाज बने रहे।
सभा के दौरान उनके सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्मनिष्ठा की चर्चा करते हुए जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं एवं समाजसेवियों ने उन्हें सच्चे अर्थों में समाज का आदर्श बताया। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. सिंह जैसे व्यक्तित्व विरले ही होते हैं, जिनकी कमी समाज को हमेशा खलती रहेगी।
इस अवसर पर गोबरही पंचायत के मुखिया देवेंद्र सिंह उर्फ साहेब सिंह, पूर्व मुखिया देवेंद्र सिंह, पत्रकार एवं जेपी सेनानी अजय कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक अमर दुबे, मुकेश मिश्र, अधिवक्ता सुरेश सिंह, मानी सिंह, नंद किशोर सिंह, प्रकाश सिंह, प्रधानाध्यापक कौशल किशोर रवि, पुत्रवधु निभा सिंह, इन्द्रजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में स्व. चन्देश्वर सिंह के पुत्र एवं प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा ने एक बार फिर उनके संघर्ष, सादगी और समाज सेवा की विरासत को जीवंत कर दिया।
Chapra news, JP movement Bihar, Tribute to Chandeshwar Singh, Socialist leader Bihar, Ekma news

