पेड़ से टकराई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहा खुर्द तथा गुर्दाहा कला के बीच स्थित चिल्ड्रेन पार्क के समीप सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक की मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस के सहयोग से घायल युवक को एम्बुलेंस के माध्यम से मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल युवक की पहचान मशरक थाना क्षेत्र के कर्णपुरा एकौना गांव निवासी सत्येंद्र सिंह के पुत्र सूरज कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सूरज कुमार रविवार को अपने एक दोस्त के साथ गुर्दाहा कला गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। सोमवार की सुबह घर लौटने के दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय सड़क पर अधिक भीड़ नहीं थी, लेकिन तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

