सरकारी स्कूल में बने एस्ट्रोनॉमी लैब का डीएम ने किया निरीक्षण, छात्राओं को मिलेगा अंतरिक्ष विज्ञान का अनुभव
सारण (बिहार): राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, छपरा में विकसित किए गए अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी लैब का जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया और इसके बेहतर संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। यह लैब इसरो से मान्यता प्राप्त एजेंसी द्वारा स्थापित किया गया है, जिसे और प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने संबंधित एजेंसी को विस्तृत करिकुलम तैयार करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया, ताकि वे छात्रों को इस लैब का बेहतर उपयोग करवा सकें। साथ ही उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक भ्रमण का रोस्टर तैयार कर नियमित रूप से लैब का अवलोकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
डीएम ने स्थानीय स्तर पर “स्टार गेजिंग क्लब” और “मून गेजिंग क्लब” के गठन की पहल करने को भी कहा। उन्होंने टेलिस्कोप के माध्यम से आकाशीय पिंडों के अवलोकन के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि छात्र-छात्राएं प्रत्यक्ष रूप से अंतरिक्ष विज्ञान को समझ सकें।
गौरतलब है कि 7 अप्रैल को सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी और महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल द्वारा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस एस्ट्रोनॉमी लैब का उद्घाटन किया गया था। यह लैब जिलाधिकारी की पहल पर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना एवं विद्यालय कोष से विकसित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इसी मॉडल पर मढ़ौरा और सोनपुर अनुमंडल में भी रोबोटिक्स लैब और एआई लैब स्थापित किए जाएंगे, जिससे जिले के छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा का लाभ मिल सके।
यह पहल छात्राओं को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी और शिक्षा के स्तर को नई दिशा देगी।

