वार्ड पार्षद हत्याकांड पर उबाल: एक सप्ताह में गिरफ्तारी नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: कर्पूरी विचार मंच एवं कर्पूरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रिंस ठाकुर ने मांझी के गोंढा गांव में वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड का शीघ्र उद्भेदन करने की मांग उठाते हुए पुलिस प्रशासन पर तीखा प्रहार किया है। गुरुवार को वे मृतक के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
इस दौरान मृतक के घर से मांझी थाना तक पैदल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग शामिल हुए। थाना परिसर पहुंचकर कर्पूरी सेना के नेताओं ने घटना के छह दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गहरा आक्रोश जताया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। नेताओं ने साफ कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
नेताओं ने यह भी मांग की कि गांव में आम लोगों की सुरक्षा के बजाय पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल को उनके घर पर तैनात किया जाए। मौके पर मौजूद मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और उन्हें सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की रात आपसी मारपीट के दौरान वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना में मृतक के भाई रितेश ठाकुर और चचेरे भाई मुकेश ठाकुर भी गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनका इलाज अब भी जारी है।
Manjhi Murder Case, Ward Parshad Killing, Karpuri Sena Protest, Saran Crime News
#Manjhi #SaranNews #BiharCrime #BreakingNews #Justice #Protest

