कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई: माँझी में 37 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, तस्करों में हड़कंप
छपरा/माँझी, 24 मार्च 2026 | संवाददाता वीरेश सिंह
सारण जिले के माँझी प्रखंड में कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 37 खाली घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में डुमाईगढ़ नवका टोला स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान की गई, जहां स्थानीय निवासी नागेन्द्र साह के यहां अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण किया गया था। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में गैस तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को दोपहर 1:25 बजे नक्का टोला, इमाईगढ़ पंचायत घोरहट, थाना माँझी में यह छापेमारी की गई। जांच के दौरान अनुदानित घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर कालाबाजारी की तैयारी का मामला सामने आया, जिसके बाद तत्काल सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया।
जब्त किए गए सिलेंडरों में इंडियन ऑयल (IOCL) के 18 तथा भारत पेट्रोलियम (BPCL) के 19 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इस कार्रवाई में दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जप्ती प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि अनुदानित घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और कालाबाजारी गंभीर अपराध है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

