कोशिकी रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सह होली महोत्सव आयोजित
विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी का बढ़ना, समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत: सिस्टर ज्योति
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने वाले सामाजिक संस्था कौशिकी रूरल डेवलपमेंट सोसायटी के द्वारा प्रभुनाथ नगर स्थित प्रधान कार्यालय के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सह होली मिलन समारोह कार्यक्रम आयोजित कर विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सारण ही नहीं बल्कि राज्य और देश की वयोवृद्ध महिला समाज सेविका सिस्टर ज्योति, जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (डीएचईडब्ल्यू) निभा सिंह, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक मधुबाला, संस्था की निर्देशिका डॉ अंजली सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता खुशबू ठाकुर सहित कई अन्य आगत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया।
सिस्टर ज्योति ने महिलाओं को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि महिला केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी भी हैं। क्योंकि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही है। शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, विज्ञान, खेल और राजनीति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है। अपने प्रेरणादायक संबोधन के अंत में सिस्टर ज्योति ने सभी सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि हर महिला अपने भीतर अपार शक्ति और संभावनाएं रखती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और आगे बढ़ने की है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके विचारों का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
संस्था की संस्थापिका सह निर्देशिका डॉ अंजली सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है, जिसके लिए परिवार, समाज और सरकार सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षित महिला न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनती है, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ी को भी सशक्त बनाती है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और किसी भी प्रकार के अन्याय या भेदभाव के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज से आह्वान किया कि महिलाओं को सम्मान और समान अवसर प्रदान कर ही हम एक समतामूलक और विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
इस दौरान आगत अतिथियों को मोमेंटो और अंग वस्त्र देकर संस्था की संस्थापिका सह निदेशक डॉ अंजली सिंह, कोषाध्यक्ष सोनी कुमारी और वरीय सदस्य पुष्पा सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। वहीं मुख्य अतिथि सह समाज सेविका सिस्टर ज्योति सहित कई अन्य के द्वारा डॉ अंजली सिंह, पुष्पा सिंह और सोनी कुमारी को भी सम्माननीय किया गया है। संस्था की संस्थापिका डॉ अंजली सिंह के दिशा- निर्देश में सचिव सुरेश कुमार राय और संरक्षक धर्मेंद्र रस्तोगी के सहयोग से सफलता पूर्वक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सह होली महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वहीं एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर डॉ नीतू सिंह, डॉ गुंजन सिंह, अनामिका कुमारी, प्रीति कुमारी, संगीत शिक्षिका प्रियंका कुमारी और कंचन बाला, पूनम कुमारी, मुन्नी और गुड़िया सहित कई अन्य गणमान्य महिलाएं मौजूद रही।

