जैतपुर पैक्स चुनाव की तिथि घोषित, 20 अप्रैल को होगा मतदान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पटना से जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने सहकारिता अधिनियम के तहत सारण जिले के माँझी प्रखंड अंतर्गत जैतपुर प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) तथा सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड स्थित मधुरापुर पैक्स के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। पूर्व में मतदाता सूची को लेकर विवाद के कारण चुनाव कार्यक्रम अधिसूचित नहीं किया जा सका था, लेकिन अब संबंधित अधिकारियों के प्रतिवेदन के आधार पर निर्वाचन कराने का निर्णय लिया गया है।
जैतपुर पैक्स की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 फरवरी 2026 को किया जा चुका था, जबकि मधुरापुर पैक्स में विवाद के कारण प्रकाशन पर रोक लगी थी, जिसे बाद में 10 मार्च 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित किया गया। इन सभी प्रक्रियाओं की समीक्षा के बाद निर्वाचन प्राधिकार ने चुनाव कार्यक्रम घोषित करते हुए स्पष्ट किया है कि यदि सविरोध स्थिति उत्पन्न होती है, तो 20 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 मार्च 2026 को सूचना का प्रकाशन किया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया 8 और 9 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी, जबकि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 10 और 11 अप्रैल को होगी। अभ्यर्थिता वापसी और प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया 13 अप्रैल को संपन्न होगी। आवश्यकता पड़ने पर 20 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतदान के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 22 अप्रैल 2026 तक समाप्त कर ली जाएगी।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सहकारी समितियों के प्रबंधकारिणी समिति के चुनाव में आरक्षण के नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित पदों के साथ-साथ महिलाओं के लिए भी आरक्षण सुनिश्चित किया गया है, हालांकि कुल आरक्षित पदों की संख्या 50 प्रतिशत से अधिक नहीं होगी।
निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मतदान और मतगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही निर्वाचन पदाधिकारियों को सभी आवश्यक सूचनाएं और अभिलेख प्राधिकार की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Keywords: Jaitpur PACS election, Manjhi Saran, Bihar State Election Authority, PACS election Bihar, Cooperative Election

