स्त्री शक्ति संगठन की विचार गोष्ठी में संगठन संरचना व कार्यप्रणाली पर मंथन
दिनांक 31 जनवरी 2026
प्रेरणा बुडाकोटी / नई दिल्ली
स्त्री शक्ति संगठन द्वारा संगठन की संरचना एवं कार्यप्रणाली विषय पर एक विचार गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन की मुख्य अध्यक्षा ममता शर्मा ने किया। गोष्ठी में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और अपने विचारों के माध्यम से संगठन को सशक्त बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में संगठन अध्यक्ष ममता शर्मा (हरियाणा), मीडिया प्रभारी प्रेरणा बुड़ाकोटी (दिल्ली), वरिष्ठ सदस्य प्रतिभा प्रसाद कुमकुम (झारखंड), डॉ. अंजना गर्ग (हरियाणा), नीतू नागर (मध्य प्रदेश), दर्शना (हरियाणा), अंजु बंसल (जम्मू), कुलवंत कौर (हरियाणा), अलका जांगड़ा (हरियाणा), दीपाली सोढ़ी (हरियाणा), सरला देवी (हरियाणा), पूनम वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने समाज में महिलाओं की स्थिति, चुनौतियों और समाधान पर अपने विचार साझा किए।
वक्ताओं ने कहा कि समाज में महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना के साथ विचारों की क्रांति आवश्यक है। इसके लिए महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भी समान भूमिका होनी चाहिए, विशेषकर वे लोग जो महिलाओं की सुरक्षा और उत्थान में सहयोग करना चाहते हैं। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि जब नारी अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानती है, तभी वह हर कठिन परिस्थिति का सामना आत्मबल के साथ कर सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित अम्बर कवियत्री, लेखिका एवं सोशल वर्कर (मान्यता प्राप्त मानवाधिकार परिषद) नीतू नागर ने वर्तमान परिदृश्य में नारी शक्ति को लेकर अपनी काव्यात्मक पंक्तियों के माध्यम से संदेश दिया—
“उठो नारी जगा लो मन को,
अब कृष्ण न आने वाले हैं,
अब मिलकर हम सबको,
नारी शक्ति को जगाना है।”
विचार गोष्ठी के दौरान अन्य अनुभवी सदस्यों ने भी अपने ज्ञानवर्धक सुझावों से संगठन को नई दिशा और मार्गदर्शन प्रदान किया। अंत में संगठन की मुख्य अध्यक्षा ममता शर्मा ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की।

