भगवान बाजार थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 1.175 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार
सारण (बिहार): सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भगवान बाजार थाना क्षेत्र से 1.175 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भगवान बाजार थाना को गुप्त सूचना मिली कि शशिभूषण सिंह श्यामचक बाइपास के पास किसी व्यक्ति को मादक पदार्थ देने जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद भगवान बाजार थाना पुलिस टीम ने अंचलाधिकारी, छपरा के नेतृत्व में छापेमारी कर शशिभूषण सिंह को 1.175 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर एक अन्य अभियुक्त भूवर भाटी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार शशिभूषण सिंह उक्त गांजा भूवर भाटी को देने जा रहा था।
इस मामले में भगवान बाजार थाना कांड संख्या 81/26, दिनांक 31 जनवरी 2026, धारा 8/20 (बी)(ii)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

