स्व. हरदेव यादव की 30वीं पुण्यतिथि पर मांझी में श्रद्धांजलि सभा व विचार संगोष्ठी, सैकड़ों लोगों ने अर्पित की पुष्पांजलि
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी ग्राम पंचायत के आजीवन मुखिया रहे स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं पंचायती राज व्यवस्था के सशक्त स्तंभ स्वर्गीय हरदेव यादव की 30वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार 2 फरवरी 2026 को मांझी कंचनपुर स्थित हरदेव यादव कन्या उच्च विद्यालय के प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11:30 बजे हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के संयोजक युवा नेता ई. सौरभ सन्नी ने कहा कि मांझी क्षेत्र की विकास यात्रा में स्व. हरदेव यादव का योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। समाज सुधारक के रूप में उन्होंने छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए। पंचायती राज के प्रारंभिक दौर से ही उन्होंने ग्राम पंचायत का नेतृत्व करते हुए सभी वर्गों के हित में कार्य किया और सामाजिक समरसता की मजबूत नींव रखी।
विचार संगोष्ठी में वक्ताओं ने स्व. हरदेव यादव के जीवन संघर्ष, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनकी सोच और कार्यशैली आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी 30वीं पुण्यतिथि पर लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया सत्यनारायण यादव, पूर्व मुखिया नवरत्न प्रसाद, रंजन यादव, बच्चा राय, रामायण जीवन दानी सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे।

