एकमा व दाऊदपुर में मंत्री संजय सिंह का भव्य स्वागत, यूजीसी संशोधन पर दिया बयान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार सरकार के लोक अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह का एकमा और दाऊदपुर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। मंत्री संजय सिंह रघुनाथपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय जगमातो देवी की पुण्यतिथि में शामिल होने के लिए सीवान जिले के नंदामूड़ा गांव जा रहे थे, इसी क्रम में एकमा के हंसराजपुर में भवानी टेंडर्स के मालिक सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने गाजे-बाजे के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान मंत्री संजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में यूजीसी से जुड़े सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस विषय पर पहले भी जानकारी दी जा चुकी है और आने वाले समय में यूजीसी से संबंधित संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सर्वोच्च न्यायालय में यूजीसी को लेकर संशोधन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
वहीं भवानी टेंडर्स के मालिक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मंत्री संजय सिंह पूर्व विधायक जगमातो देवी की पुण्यतिथि में शामिल होने जा रहे थे और इसी क्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
इस अवसर पर रौशन सिंह भवानी, रविन्द्र सिंह, अशोक सिंह, पूर्व मुखिया जई. सिंह, जिला परिषद सदस्य फूल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


