मेहंदार महोत्सव में सांस्कृतिक धूम, डीएम-विधायक ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के ऐतिहासिक बाबा महेंद्र नाथ मंदिर, मेहंदार के पूर्वी भिंडा पर शनिवार की शाम मेहंदार महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विवेक रंजन मैत्रेय, विधायक कर्णजीत सिंह, पूरण झा तथा मुखिया चंदा भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही ऐतिहासिक परिसर में सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बन गया।
विधायक कर्णजीत सिंह ने कहा कि ऐसे महोत्सव स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं, जिससे उनकी प्रतिभा को पहचान मिलती है और कला का व्यापक प्रचार-प्रसार होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार का आयोजन सांस्कृतिक जागरूकता को सशक्त बनाता है। जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार लगभग 40 महोत्सवों का आयोजन करती है, जिनका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और कलाकारों को अवसर देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है तथा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने मुख्यमंत्री की विकास यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में डीडीसी मुकेश कुमार, उप समाहर्ता जुली कुमारी, शालू, सुजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। महोत्सव में प्रस्तुत लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध रखा।

