मिशन रोशनी: जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ में लगा नेत्र जाँच शिविर, 210 छात्रों की हुई जांच
कोलकाता (पश्चिम बंगाल): जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल में सोमवार को ‘मिशन रोशनी’ योजना के अंतर्गत नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन शंकर नेत्रालय द्वारा ‘समग्र शिक्षा मिशन’ और Cognizant Foundation India के सहयोग से किया गया।
शिविर में शंकर नेत्रालय के नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विद्यालय के कुल 210 विद्यार्थियों की आँखों की जांच की। जांच के उपरांत 20 छात्रों को चश्मा पहनने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को आँखों के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए स्वच्छता बनाए रखने के उपाय बताए। साथ ही यह भी बताया गया कि किन फलों के सेवन से दृष्टि बेहतर होती है, आँखों में संक्रमण किन कारणों से होता है और उससे कैसे बचाव किया जा सकता है। विद्यार्थियों को नियमित अंतराल पर नेत्र परीक्षण कराने की भी सलाह दी गई।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा चंद्रा ने ‘मिशन रोशनी’ योजना के तहत आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए शंकर नेत्रालय से आए चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के सफल संचालन में शिक्षक सुमन कुमार दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त कौशिक साधुखान, गिरिजेश शर्मा, मृत्युंजय सिंह, राजेंद्र रजक, विनोद यादव सहित अन्य शिक्षकों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

