राजद नेता सुधांशु रंजन ने किया श्री पॉली क्लिनिक का उद्घाटन, मिलेगी आयुर्वेद व आधुनिक उपचार की सुविधा
माँझी के शनिचरा बाजार में ‘श्री पॉली क्लिनिक’ का शुभारंभ, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: माँझी नगर पंचायत के शनिचरा बाजार स्थित राम दरबार सेवा समिति परिसर में ‘श्री पॉली क्लिनिक’ का विधिवत शुभारंभ राजद नेता सुधांशु रंजन द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस पॉली क्लिनिक के खुलने से आसपास के लोगों को अब डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह क्लिनिक चिकित्सा सेवा के माध्यम से क्षेत्रीय लोगों का भरोसा जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएगा।
क्लिनिक के चिकित्सक डॉ. विशाल दुबे ने बताया कि श्री पॉली क्लिनिक में प्रतिदिन मधुमेह, जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, सिरदर्द, पेट संबंधी सभी प्रकार के रोग, गुर्दे के रोग, लिवर रोग, पथरी, बवासीर, अस्थमा सहित अन्य बीमारियों का आयुर्वेदिक पंचकर्म एवं आधुनिक तकनीक के माध्यम से उपचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की नियमित सेवा के साथ-साथ अलग-अलग दिनों में बाल रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ, सर्जन एवं आर्थो सर्जन की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को समग्र स्वास्थ्य सुविधा एक ही स्थान पर मिल सके।
उद्घाटन अवसर पर कमल कुमार शर्मा, अभिषेक तिवारी, राजन तिवारी, गोलू कुमार, मोहन शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने क्लिनिक संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के लोगों को इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

