एसएसपी निकले सादे लिबास में पैदल, नगर थाना क्षेत्र का किया औचक निरीक्षण
सारण (बिहार): वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी चौक एवं आसपास के इलाकों में गुरुवार की देर रात्रि सादे लिबास में पैदल गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विशेष रूप से एटीएम, बैंक, ज्वेलरी शॉप और अन्य संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने रात्रि गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। उन्होंने यह देखा कि गश्ती दल अपने निर्धारित क्षेत्र में कितनी सतर्कता और सक्रियता से कार्य कर रहा है तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
एसएसपी द्वारा मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित एवं प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने रात्रि के समय अपराध की रोकथाम के लिए गश्ती व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध नियंत्रण को लेकर इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

