सिसवन में नई चेतना 4.0 का आयोजन, महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता पर दिया गया जोर
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के मेहदार में गंगा जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की ओर से नई चेतना 4.0 कार्यक्रम का एक दिवसीय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परियोजना प्रबंधक करुणाशंकर, पूर्व जिला परियोजना प्रबंधक कृष्णा गुप्ता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और घरेलू हिंसा के विरुद्ध जागरूकता को समय की आवश्यकता बताते हुए महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 65 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सामुदायिक समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव ने किया। इस अवसर पर बीपीएम संदीप कुमार सिंह ने बताया कि नई चेतना 4.0 भारत सरकार एवं जीविका द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना है।
मौके पर मिथिलेश कुमार, राजेश कुमार, सतीश कुमार सिंह, श्वेता कुमारी, मीना देवी, नीलम देवी, आरती देवी, गीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदी और ग्रामीण मौजूद रहे।

