स्व. हरदेव यादव के निर्वाण दिवस पर मांझी में होगा श्रद्धांजलि सभा व विचार संगोष्ठी का आयोजन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं पंचायती राज व्यवस्था के प्रारंभ से मांझी ग्राम पंचायत के आजीवन मुखिया रहे स्वर्गीय हरदेव यादव के निर्वाण दिवस के अवसर पर दिनांक 2 फरवरी 2026, सोमवार को श्रद्धांजलि सभा एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी सुबह 11:30 बजे से मांझी कंचनपुर स्थित हरदेव यादव कन्या उच्च विद्यालय के प्रांगण में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के संयोजक युवा नेता ई. सौरभ सन्नी ने जानकारी देते हुए बताया कि मांझी क्षेत्र की विकास यात्रा में स्व. हरदेव यादव का योगदान अविस्मरणीय रहा है। उन्होंने समाज सुधारक के रूप में छुआछूत, सामाजिक भेदभाव और असमानता के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया। पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से उन्होंने गांव के सर्वांगीण विकास को नई दिशा दी।
उन्होंने आगे कहा कि एक राजनेता के रूप में स्व. हरदेव यादव ने सभी वर्गों के हित में निष्पक्ष भाव से कार्य किया और सामाजिक समरसता के प्रतीक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके विचार, कार्य और आदर्श आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्रद्धांजलि सभा एवं विचार संगोष्ठी में बड़ी संख्या में समाजसेवी, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित होकर स्व. हरदेव यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार रखेंगे तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

