/// जगत दर्शन न्यूज
छपरा, 12 जनवरी 2026
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर छपरा मंडल कारा परिसर में निरुद्ध युवाओं के आत्मचिंतन, आत्मबल और सकारात्मक जीवन दृष्टि को सशक्त करने हेतु एक प्रेरणादायक एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज (हरिद्वार) के तत्वावधान में प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, सारण द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने कारा में मौजूद युवा बंदियों के भीतर आशा, संकल्प और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत “युवा वर्ग हम साथ समय के चलकर स्वयं दिखाएंगे, हम संस्कृति के लिए विवेकानंद स्वयं बन जाएंगे” जैसे ओजस्वी संदेश से हुई, जिसे प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, सारण के कुमार शशि राज ने प्रेरक गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पूरा वातावरण ऊर्जा और सकारात्मकता से भर उठा। वक्ताओं ने कहा कि चूंकि मंडल कारा में अधिकांश बंदी युवा वर्ग से हैं, इसलिए स्वामी विवेकानंद के विचार उनके जीवन में परिवर्तन की नई राह दिखा सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर.एन. चौधरी, विकास कुमार सिंह, अभिनंदन कुमार और चंदन कुमार ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आज के युवाओं के लिए प्रासंगिक बताया। उन्होंने विवेकानंद के अमर संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” को जीवन में उतारने का आह्वान किया और कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास व्यक्ति को नई दिशा दे सकता है।
प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के भाई कुंदन कुमार ने अनुशासन, नैतिकता, आत्मसंयम और सेवा भाव को जीवन का आधार बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आत्मपरिवर्तन से ही समाज और राष्ट्र का सशक्त निर्माण संभव है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका, आत्मनिर्भरता, चरित्र निर्माण तथा सकारात्मक सोच पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर कारा प्रशासन के अधिकारियों को सम्मान स्वरूप प्रेरक साहित्य भेंट किया गया। साथ ही बंदियों को नियमित गायत्री मंत्र जप, ध्यान और आत्मशुद्धि के माध्यम से मानसिक सशक्तिकरण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन देव स्थापना चित्र भेंट कर युग निर्माण सत्संकल्प के साथ किया गया। यह आयोजन कारा में निरुद्ध युवाओं के लिए आशा, आत्मविश्वास और नवजीवन का प्रेरक संदेश बनकर सामने आया। कार्यक्रम में मंडल कारा के अधीक्षक सहित प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

