शिक्षकों के मसीहा ब्रजनंदन शर्मा का निधन, बिहार शिक्षा जगत में शोक की लहर
पटना (बिहार): बिहार के शिक्षकों के लिए आज का दिन अत्यंत दुखद रहा। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सह अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष, शिक्षकों के मसीहा कहे जाने वाले वयोवृद्ध नेता श्री ब्रजनंदन शर्मा का पटना में सुबह लगभग 5 बजे निधन हो गया। वे 106 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे बिहार में शिक्षकों, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री ब्रजनंदन शर्मा ने अपने दीर्घ और संघर्षपूर्ण जीवन में शिक्षकों के अधिकार, मान-सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनके नेतृत्व में बिहार के शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान जैसी बड़ी उपलब्धियां प्राप्त हुईं। कहा जाता था कि उनके एक आह्वान पर शिक्षक “करो या मरो” की भावना से आंदोलन के लिए तैयार हो जाते थे। उनके आंदोलन की घोषणा मात्र से ही सरकार की नींद उड़ जाया करती थी। उन्होंने अंतिम सांस तक शिक्षकों की गरिमा और अधिकारों की लड़ाई लड़ी।
यह गौरव की बात है कि इतनी अधिक आयु के बावजूद वे आजीवन बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष तथा अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर सक्रिय रहे। उनका निधन न केवल शिक्षक संगठनों के लिए, बल्कि पूरे शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। वे अपने पीछे 104 वर्षीय स्वस्थ पत्नी को छोड़ गए हैं। उनका परिवार भी सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहा है। उनके बड़े पुत्र अरुण कुमार सांसद रह चुके हैं, छोटे पुत्र अनिल कुमार विधायक एवं पूर्व मंत्री रहे हैं, जबकि छोटे पुत्र मुन्ना जी शिक्षक संघ के सक्रिय सदस्य हैं। वर्तमान में उनके दो पौत्र बिहार विधानसभा के सदस्य भी हैं।
उनके निधन पर सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त किया। शोक व्यक्त करने वालों में जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, प्रधान सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह, उप प्रधान सचिव अरविंद कुमार पांडे, प्रदेश प्रतिनिधि मनजीत तिवारी, अवधेश कुमार सिंह, तेज प्रताप सिंह, वरीय उपाध्यक्ष संजय कुमार राय, संजय शर्मा, शिखा सिन्हा, शोभनाथ शोभाष्कर, उपाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, शब्बीर हसन खान, अरविंद कुमार सिंह, आमोद यादव, इरशाद खान, सचिव नीरज कुमार, डॉ. तृप्ति, अजय कुमार, भीष्म प्रसाद यादव, सुनील कुमार सिंह, सुमन प्रसाद, कार्यालय सचिव विनय कुमार तिवारी, अंकेक्षक सुधीर कुमार महतो, मीडिया प्रभारी मुन्ना कुमार, सुनीता कुमारी, उमेश यादव सहित कई प्रखंड अध्यक्ष, सचिव और शिक्षक नेता शामिल हैं।
शिक्षक समाज का कहना है कि ब्रजनंदन शर्मा का जाना बिहार के शिक्षकों के लिए एक युग का अंत है। वे शिक्षकों के हृदय में सदैव जीवित रहेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

