सोशल मीडिया उकसावे पर पुलिस की सख्त कार्रवाई: भेल्दी में आईटी एक्ट के तहत 5 गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
छपरा, 14 जनवरी 2026
सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सोशल मीडिया के माध्यम से भीड़ को उकसाने के मामले में पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 01 विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 जनवरी 2026 को अमनौर थाना कांड संख्या 01/26 में अपहृत बालक शिवम कुमार का शव अमनौर थाना पुलिस द्वारा ग्राम मंद्रौली स्थित झाड़ियों से बरामद किया गया था। शव की विधिवत पंचनामा एवं पोस्टमार्टम के बाद 12 जनवरी 2026 को परिजनों को सौंप दिया गया।
इसके बाद 13 जनवरी 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे, मृतक के परिजन एवं ग्रामीणों द्वारा भेल्दी चौक पर शव रखकर सड़क जाम एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति उग्र हो गई। इस दौरान पुलिस बल पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। साथ ही, 04 सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया।
जांच के क्रम में यह स्पष्ट हुआ कि सोशल मीडिया के माध्यम से भीड़ को उकसाया गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इस संबंध में भेल्दी थाना कांड संख्या 18/26 दर्ज कर अनुमंडल पदाधिकारी, मढ़ौरा के नेतृत्व में विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 06 लोगों को गिरफ्तार/निरुद्ध किया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल सिंह (भेल्दी), रोहित कुमार गुप्ता (उमरपुर), गुड्डू कुमार यादव उर्फ जियान (पटराही कला), प्रिंस कुशवाहा उर्फ विनोद कुमार सिंह (भेल्दी चौमस), मुन्ना राम (अपहर, अमनौर) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ मढ़ौरा, गरखा, भेल्दी, अमनौर, मकेर एवं मढ़ौरा थाना के पदाधिकारी-कर्मी तथा क्यूआरटी मढ़ौरा की अहम भूमिका रही। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

