सिसवन में अलग-अलग हादसों में महिला और मासूम बच्ची घायल
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के भागर गांव में सिढ़ी से गिरने के कारण एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान स्थानीय निवासी श्याम लाल यादव की 60 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि गीता देवी छत पर कपड़े फैलाने के लिए सिढ़ी के सहारे ऊपर जा रही थीं, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ीं और चोटिल हो गईं। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल सिसवन रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
वहीं दूसरी ओर थाना क्षेत्र के ही चांदपुर गांव में बाइक की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची घायल हो गई। घायल बच्ची स्थानीय निवासी मुन्ना कुशवाहा की पुत्री रीया कुमारी बताई गई है। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खेल रही बच्ची को एक बाइक ने धक्का मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया।
दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोगों ने सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता की आवश्यकता बताई गई है।

