किसानों पर आफत, 200 बोझा धान में असामाजिक तत्वों ने लगाई आग
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र के कचनार गांव स्थित चंवर में असामाजिक तत्वों ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देते हुए किसान हरेराम पंडित के खेत में रखे धान के लगभग 200 बोझों में आग लगा दी। आग लगते ही देखते ही देखते मेहनत की पूरी फसल जलकर राख में तब्दील हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जाता है कि खेत में रखे धान के बोझे में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक पूरा धान जल चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही किसान हरेराम पंडित ने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था।
धान जलने के बाद किसान और उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसान ने बताया कि पहले ही प्राकृतिक मार के कारण खेतों में पानी भरने से धान की काफी फसल सड़ गई थी। जो थोड़ा बहुत धान बचा था, वही असामाजिक तत्वों की इस हरकत में जलकर राख हो गया। अब परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना साजिश के तहत की गई प्रतीत होती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की भी गुहार लगाई है, ताकि परिवार को इस संकट से उबारा जा सके।

