शिक्षक हत्याकांड में बड़ी सफलता, मुख्य हथियार आपूर्तिकर्ता विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पहलेजा थाना क्षेत्र के खरीका गांव में हुए सनसनीखेज शिक्षक हत्याकांड के मामले में सारण पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस कांड में प्रयुक्त हथियार की आपूर्ति करने वाले मुख्य हथियार आपूर्तिकर्ता विधि-विरुद्ध बालक को पुलिस ने निरुद्ध कर लिया है। अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2025 को पहलेजा थाना अंतर्गत खरीका गांव में एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में पहलेजा थाना कांड संख्या 130/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। सारण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस जघन्य अपराध का सफल उद्भेदन किया और मुख्य आरोपी सहित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।
इसी क्रम में 14 दिसंबर 2025 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर कांड के एक अप्राथमिकी अभियुक्त, जो विधि-विरुद्ध बालक है, को निरुद्ध किया गया। जांच में यह सामने आया कि इसी बालक ने मुख्य आरोपी साहिल कुमार उर्फ गोलू को शिक्षक हत्याकांड के लिए हथियार उपलब्ध कराया था। पुलिस द्वारा बालक के विरुद्ध अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार निरुद्ध विधि-विरुद्ध बालक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। वह सोनपुर थाना कांड संख्या 1124/25, दिनांक 24 नवंबर 2025 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 में नामजद रह चुका है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में पहलेजा थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है और शिक्षक हत्याकांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

