मधु खन्ना बनीं विश्व हिंदी परिषद ऑस्ट्रेलिया की अध्यक्ष, हिन्दी–संस्कृति को मिली अंतरराष्ट्रीय मजबूती
नई दिल्ली/ब्रिस्बेन : – ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन शहर में निवास कर रहीं हिंदी साहित्यकार और शिक्षाविद् मधु खन्ना को विश्व हिंदी परिषद ऑस्ट्रेलिया की अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके इस मनोनयन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मधु खन्ना का जन्म भारत की राजधानी दिल्ली में हुआ और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी में एम.ए. तथा बी.एड. की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने क्वींसलैंड स्थित ग्रिफ़िथ यूनिवर्सिटी से एम.एड. (स्पेशल एजुकेशन) की डिग्री प्राप्त की और वर्तमान में क्वींसलैंड में विशेष शिक्षिका के रूप में बौद्धिक अक्षमता और ऑटिज़्म से ग्रस्त बच्चों को शिक्षा दे रही हैं।
वर्ष 2004 में ऑस्ट्रेलिया में स्थायी रूप से बसने के बाद मधु खन्ना ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सक्रिय रखा। वर्ष 2015 से ब्रिस्बेन में हिंदी दिवस और विश्व हिंदी दिवस के भव्य आयोजनों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी साहित्यिक रचनाओं में “पाती परदेस की”, “कृष्ण काव्य पीयूष”, “राम हाइकु पीयूष”, “कविताएँ ऑस्ट्रेलिया से” और “जीवन की कहानी चाँद की ज़ुबानी” जैसी कृतियाँ शामिल हैं, जो उनके सृजनशील व्यक्तित्व को दर्शाती हैं।
मधु खन्ना ऑस्ट्रेलियन इंडियन रेडियो पर “बातें मधु के साथ” नामक हिंदी कार्यक्रम की मेज़बानी करती हैं और ऑस्ट्रेलियन इंडियन टाइम्स में नियमित रूप से हिंदी लेखन करती हैं। विद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त करने से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी का प्रतिनिधित्व करने तक, उनका योगदान निरंतर सराहनीय रहा है। वर्ष 2014 में फ़िजी में आयोजित विश्व हिंदी दिवस सम्मेलन में भारत सरकार के आमंत्रण पर उन्होंने भाग लिया था और ऑस्ट्रेलिया में हिंदी को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा था।
साहित्य के साथ-साथ मधु खन्ना कला जगत में भी सक्रिय रही हैं। रंगोली, बाटिक और टेक्सटाइल कला में उनके डिज़ाइनों को ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थान मिला है। उनके कई डिज़ाइन नगर प्रशासन द्वारा चयनित और स्थापित किए गए, जिससे भारतीय कला और परंपरा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली।
विश्व हिंदी परिषद ऑस्ट्रेलिया की अध्यक्ष के रूप में उनके मनोनयन पर परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार, उपाध्यक्ष डी.पी. मिश्र, राष्ट्रीय संपर्क समन्वयक डॉ. नन्दकिशोर साह सहित अनेक साहित्यकारों, पत्रकारों और समाजसेवियों ने बधाई दी है। डॉ. नन्दकिशोर साह ने कहा कि मधु खन्ना का यह मनोनयन न केवल हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा, बल्कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय संस्कृति को और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करेगा।

