आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने हेतु मांझी में भाजपा की बैठक, हर घर स्वदेशी अपनाने पर दिया गया जोर
सारण (बिहार): आत्मनिर्भर भारत एवं हर घर स्वदेशी अपनाओ अभियान के विस्तार को लेकर मांझी पश्चिमी मंडल सरयुपार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय उद्यमों को सशक्त करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता पश्चिमी जिला अध्यक्ष उमेश तिवारी ने की। इस अवसर पर जिला लघुउद्योग प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश सिंह, मंडल अध्यक्ष आदित्य दुबे, नगर अध्यक्ष श्री प्रकाश सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को घर-घर तक पहुंचाना आवश्यक है, जिससे स्थानीय रोजगार सृजन को बल मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
बैठक में भाजपा नेता बीरेंद्र पाण्डेय, अभिनाश उपाध्याय, पप्पू सिंह, मंजेश पाठक, मंटू मिश्रा, चंदन सिंह, मुन्ना सोनी, विपिन शर्मा, पंकज सिंह, साहेब सिंह मुखिया सहित पश्चिमी मंडल के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में स्वदेशी अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया और आगामी दिनों में गांव-गांव तक इसे पहुंचाने की रणनीति पर सहमति व्यक्त की।

