सारण: ट्रेन यात्रा के दौरान हार्ट अटैक से महिला की मौत!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: शुक्रवार की शाम छपरा से कानपुर जा रही उत्सर्ग एक्सप्रेस में सवार एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे हृदयाघात (हार्ट अटैक) आ गया। स्थिति गंभीर होती देख महिला के पति ने तुरंत ट्रेन को मांझी रेलवे स्टेशन पर रोककर उसे नीचे उतारा और स्थानीय पुलिस की मदद से उपचार के लिए मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मोथहां रामपुर निवासी 62 वर्षीय मालती देवी, पत्नी रामबली सिंह के रूप में हुई है। मृतका के पति रामबली सिंह ने बताया कि वे अपने बड़े भाई नंद किशोर सिंह के श्राद्ध संस्कार (जो 28 अक्टूबर को संपन्न हुआ) में शामिल होने के बाद पत्नी के साथ अपने बेटे के पास कानपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में यात्रा के समय मालती देवी की अचानक तबीयत खराब हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मांझी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बीमार महिला को स्टेशन से एंबुलेंस द्वारा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया।
इस दुखद घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जाता है कि मृतका का परिवार वर्षों से कानपुर में रह रहा था और हाल ही में वे अपने मायके क्षेत्र आए हुए थे।

