कब्रिस्तान की भूमि को लेकर बवाल, शव दफनाने से रोकने पर मचा हंगामा
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के कलान बाजार के समीप स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर रविवार को दो पक्षों के बीच तनावपूर्ण विवाद छिड़ गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति के शव को दफनाने से लगभग पांच घंटे तक रोक दिया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह कलान गांव निवासी लूटन शर्मा ने कब्रिस्तान की जमीन को अपनी बताते हुए मृतक शाह मोहम्मद के शव को वहां दफनाने से रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी बढ़ने लगी और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही भलुआ बुजुर्ग पंचायत के मुखिया दीपक मिश्रा ने त्वरित रूप से मांझी अंचलाधिकारी (सीओ) सौरभ अभिषेक और थानाध्यक्ष आशीष कुमार को घटना की जानकारी दी। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मांझी थाना पुलिस को मौके पर भेजा, जिन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को शांत कराया।
इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ सौरभ अभिषेक ने सरकारी अमीन से भूमि की मापी कराई। पैमाइश के बाद पाया गया कि विवादित भूमि वास्तव में कब्रिस्तान की ही है। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर प्रशासन ने विवाद का शांतिपूर्ण निपटारा कराया।
अंततः पांच घंटे बाद शव को कब्रिस्तान में दफनाया गया, जिसके बाद गांव का माहौल सामान्य हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक तत्परता की सराहना की और कहा कि अधिकारियों के समय पर हस्तक्षेप से बड़ी अनहोनी टल गई।
---
Saurabh Abhishek CO Manjhi