थानाध्यक्ष पर महिला ने फायरिंग और बदसलूकी का लगाया आरोप, पुलिस ने बताया — गिरफ्तारी के दौरान जान बचाने को की गई फायरिंग
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के ड्यूमाइगढ़ गांव में सोमवार की देर शाम पुलिस छापेमारी के दौरान हुए घटनाक्रम ने विवाद का रूप ले लिया है। गांव की एक महिला रेनू देवी ने सारण रेंज के आरक्षी उप महानिरीक्षक को पत्र देकर मांझी थानाध्यक्ष आशीष कुमार पर गाली-गलौज, बदसलूकी और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि थानाध्यक्ष ने उनके घर छापेमारी के दौरान गोली चलाई और रिश्वत की मांग की। मंगलवार को उन्होंने सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई।
रेनू देवी का आरोप है कि सोमवार की रात थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे और लगभग पांच राउंड फायरिंग की। परिजनों के अनुसार, घटनास्थल से दो खाली खोखे भी मिले हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस समय थानाध्यक्ष शराब के नशे में थे।
वहीं, इस मामले में थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि ड्यूमाइगढ़ निवासी कृष्णा यादव का पुत्र प्रेम यादव मांझी थाना क्षेत्र के एक मामले में फरार चल रहा था, जिस पर पहले से 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी करने गई थी।
थानाध्यक्ष के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आरोपी कृष्णा यादव ने पुलिस पर हमला करने की नीयत से अपने पालतू कुत्ते को पुलिस टीम पर छोड़ दिया। कुत्ते से जान बचाने के लिए पुलिस को दो राउंड फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद कुत्ता भाग गया और टीम की जान बची। इस दौरान मौके से तीन लोग भागने लगे, जिनमें से एक आरोपी कृष्णा यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे पुलिस पर हमला करने के आरोप में जेल भेज दिया है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। एक ओर महिला न्याय की गुहार लगा रही है, वहीं पुलिस का दावा है कि फायरिंग आत्मरक्षा में की गई थी। अब देखने वाली बात होगी कि जांच में किसकी बात सच साबित होती है।
---
Manjhi Police
Saran Police
ड्यूमाइगढ़ फायरिंग मामला
मांझी थानाध्यक्ष आशीष कुमार
सारण एसएसपी डॉ कुमार आशीष
SSP SARAN
SP Saran