सरपंच संघ के मांझी प्रखंड अध्यक्ष भरत सिंह का हार्ट अटैक से निधन, शोक की लहर
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: मांझी प्रखंड सरपंच संघ के अध्यक्ष एवं गोबरही पंचायत के सरपंच, गोबरहीं टोला गांव निवासी भरत सिंह (75 वर्ष) का गुरुवार की रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि रात्रि में हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें इलाज के लिए एकमा सीएचसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
भरत सिंह लगातार तीसरी बार गोबरही पंचायत से सरपंच पद का चुनाव जीतने में सफल रहे थे। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के रुदन-क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया और उनके दरवाजे पर बड़ी संख्या में शुभचिंतक एवं गणमान्य लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने उन्हें मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व वाला बताया।
एक दिन पहले समधी की मौत, सदमे में टूटे भरत सिंह
भरत सिंह के परिजनों ने बताया कि बुधवार को उनके समधी एवं एकमा के अकड़ीपुर निवासी राम नारायण सिंह का भी हार्ट अटैक से निधन हो गया था। गुरुवार को स्थानीय ड्यूमाइगढ़ घाट पर उनका दाह संस्कार हुआ, जिसमें भरत सिंह भी शामिल हुए थे। इसी बीच खुद उन्हें भी हार्ट अटैक आया और रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
करीब नौ वर्ष पूर्व उनके इकलौते पुत्र विवेक कुमार सिंह की रेल दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। परिवार का कहना है कि इन घटनाओं से भरत सिंह बेहद दुखी और व्यथित थे।
नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने जताया शोक
भरत सिंह के निधन की खबर फैलते ही जदयू नेता सुनील सिंह, निरंजन सिंह, रौशन सिंह भवानी, मुखिया राजेश पांडेय, जय प्रकाश पांडेय, सरपंच विजय चौरसिया, विजय शंकर शुक्ल, पूर्व सरपंच अजय सिंह, राम नारायण सिंह, सत्य प्रकाश यादव एवं ब्यास अमरेश सिंह सहित कई लोग उनके दरवाजे पर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की।
इसी क्रम में मांझी के मुबारकपुर निवासी एवं इंदौर के ग्रामीण डीआईजी मनोज सिंह ने भी फोन पर परिजनों से बात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें सांत्वना दी।
मांझी सरपंच संघ अध्यक्ष, गोबरही पंचायत सरपंच भरत सिंह, मांझी समाचार, सिवान न्यूज़, हार्ट अटैक से मौत, एकमा सीएचसी, गोबरहीं टोला
Breaking News
News Update