जलालपुर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन, उमड़ी हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जलालपुर प्रखंड के कुमना खेल मैदान में बुधवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। सम्मेलन में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और प्रेम कुमार, पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, पूर्व मंत्री गौतम सिंह, पूर्व विधायक रणधीर सिंह, राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यू सिंह समेत दर्जनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बृज मोहन सिंह ने की जबकि संचालन जदयू जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू ने किया। मंच से सभी नेताओं ने एनडीए के पक्ष में जनता से समर्थन करने की अपील की। औरंगाबाद के सांसद सुनील सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश में विकास और स्थिरता के लिए एनडीए को मजबूत करना होगा।
सम्मेलन में पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने सैकड़ों लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं कई नेताओं ने भी मंत्री द्वय को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में मंत्री श्रवण कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि जीविका दीदियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए कपड़े की आपूर्ति अब जीविका समूह की महिलाओं द्वारा की जाएगी। इसके अलावा गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए मंडप बनाने की भी योजना है।
इस मौके पर हेम नारायण सिंह, दिनेश सिंह, पूर्व मंत्री गौतम सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित थे। सम्मेलन स्थल पर लगातार नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल चुनावी रंग में सराबोर रहा।