सिसवन प्रखंड में तिरंगा फहराने में लापरवाही, भाजपा नेता ने लगाए गंभीर आरोप
सारण (बिहार): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिसवन प्रखंड के समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय में तिरंगा झंडा फहराने को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यालय के पदाधिकारी और कर्मियों ने जानबूझकर तिरंगा नहीं फहराया। उन्होंने कहा कि यह कृत्य देश की आजादी और संप्रभुता के प्रति असम्मान को दर्शाता है।
भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह ने इस घटना को कार्यालय कर्मियों और पदाधिकारियों की देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना पर सवाल उठाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा फहराना हर संस्था और नागरिक का कर्तव्य है, लेकिन समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। कई लोगों का कहना है कि यदि सरकारी दफ्तरों में ही राष्ट्रीय पर्व की गरिमा का सम्मान नहीं होगा तो आमजन में गलत संदेश जाएगा। लोगों ने भी दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले में अब तक कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

