पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के अनुज दीनानाथ सिंह के अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब, डोरीगंज घाट पर दी गई अंतिम विदाई!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के छोटे भाई दीनानाथ सिंह के अंतिम संस्कार में शनिवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। शवयात्रा जैसे-जैसे डोरीगंज घाट की ओर बढ़ती गई, वैसे-वैसे रास्तों पर श्रद्धालुओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ती गई। हर तरफ सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा था — "दीनानाथ सिंह अमर रहें"।
डोरीगंज घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र युवराज सुधीर सिंह ने दी। अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान छपरा शहर से लेकर मांझी, डोरीगंज और आसपास के इलाकों में भारी जाम की स्थिति बन गई।
गौरतलब है कि पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह अपने भाई की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए हजारीबाग जेल से विशेष अनुमति लेकर छपरा पहुंचे। जब वे शवयात्रा में शामिल हुए तो समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। लोग उनकी एक झलक पाने के लिए आतुर दिखे।
इस अवसर पर जदयू प्रवक्ता नीरज सिंह, पूर्व मंत्री गौतम सिंह, पूर्व विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह, पूर्व जदयू नेता जितेंद्र सिंह, विधायक केदार सिंह, मणीकांत सिंह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह, उमेश सिंह सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में आम लोग उपस्थित थे। सभी ने नम आंखों से दीनानाथ सिंह को अंतिम विदाई दी।
भीड़ को नियंत्रित करने और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। घाट के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
स्वर्गीय दीनानाथ सिंह सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।