शराब तस्करी और पीने के आरोप में महिला सहित तीन गिरफ्तार!
सिवान (बिहार): जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने को लेकर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिसवन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला को शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान ग्यासपुर मठिया गांव निवासी भारत राम की पत्नी शिवमती कुंवर के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से 19 लीटर देशी शराब बरामद किया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
वहीं दूसरी ओर, सिसवन प्रखंड के चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब सेवन करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में चैनपुर गांव के सेराजुद्दीन सिद्दीकी और राजू चौधरी शामिल हैं। दोनों को मंगलवार को सिवान न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि में शामिल लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।