सिसवन में दो अलग-अलग मारपीट की घटनाएं, मां-बेटा समेत चार लोग घायल!
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें मां-बेटा सहित कुल चार लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
पहली घटना सिसवन थाना क्षेत्र के पड़री गांव की है, जहां आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में सच्चिदानंद शाही की पत्नी आशा देवी, उनका पुत्र प्रिंस शाही और शिवजी सिंह का पुत्र रंजीत कुमार सिंह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
वहीं दूसरी घटना घुरघाट गांव की है, जहां आपसी विवाद के चलते हुई मारपीट में जाकिर हुसैन का पुत्र शमशाद हुसैन घायल हो गया। उसे भी सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।