समाजसेवी राम देनी साह की पुण्यतिथि पर निकली भव्य कलश यात्रा, अष्टयाम सह संकीर्तन का हुआ शुभारंभ!
///जगत दर्शन न्यूज
सीवान (बिहार): हसनपुरा प्रखंड के पियाउर पंचायत स्थित बलेथरी गांव में मंगलवार को दिवंगत समाजसेवी राम देनी साह की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर अष्टयाम सह संकीर्तन का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुजनों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा की शुरुआत दिवंगत समाजसेवी की समाधि स्थल से हुई, जो जरती माई मंदिर तक पहुँची। वहाँ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दाहा नदी से जल भर कर कलशों को पुनः यज्ञ स्थल पर लाया गया। इसके साथ ही दो दिवसीय अष्टयाम सह संकीर्तन की विधिवत शुरुआत हुई।
यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। डीजे, बैंड-बाजे और गाजे-बाजे ने यात्रा को और भी भव्य रूप प्रदान किया। स्थानीय संतों, पुजारियों और गांव के गणमान्य जनों ने इस यात्रा का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि यह संकीर्तन दो दिन तक चलेगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आईं कीर्तन मंडलियाँ भाग लेंगी। सुबह और शाम भजन-कीर्तन के साथ भगवान नाम का संकीर्तन होगा और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
इस अवसर पर यजमान धर्मेंद्र साह व उनकी पत्नी सहित शुकुल साह, परमात्मा साह, पवन साह, अशोक साह, मोहन साह, शंकर साह, शम्भु साह, विमलेश कुमार, विशाल कुमार, शनि कुमार साह, राहुल साह, सोनू साह, मिथिलेश कुमार समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।