कांग्रेस की माई बहिन मान योजना का प्रचार, महिलाओं ने जताया समर्थन!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के कचनार गांव स्थित जठिया पोखरा पर कांग्रेस पार्टी की ओर से 'माई बहिन मान योजना' एवं 'महिला संवाद कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस नेता अजीत उपाध्याय ने की।
अपने संबोधन में श्री उपाध्याय ने कहा कि अगर बिहार में कांग्रेस की सरकार बनी, तो प्रत्येक महिला को "माई बहिन मान योजना" के तहत हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकें और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिला सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत की महिलाओं ने भाग लिया और कांग्रेस की इस योजना का खुले दिल से स्वागत किया। महिलाओं ने कहा कि यह राशि उनके लिए बेहद मददगार होगी, जिससे वे घरेलू खर्चों के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी ध्यान दे सकेंगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार यादव और सिसवन प्रखंड अध्यक्ष आसिफ अब्बास ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी गारंटी पर कायम रहती है और बिहार की महिलाओं को यह लाभ दिलाकर उन्हें सशक्त बनाएगी। नेताओं ने बताया कि अन्य राज्यों में यह योजना पहले से लागू है और सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
महिलाओं ने कांग्रेस की इस पहल पर आस्था जताते हुए पार्टी के समर्थन का वादा किया और कहा कि वे इस बार डबल इंजन सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होकर मतदान करेंगी।