बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर सारण में प्रशासन अलर्ट, प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा!
/// जगत दर्शन न्यूज
छपरा, 05 जून 2025
बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा हेतु गुरुवार को सारण के समाहरणालय में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह प्रभारी मंत्री श्री सुमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी अमन समीर, पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति के लिए निविदा के माध्यम से दर व आपूर्तिकर्ता का निर्धारण किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
जिले के विभिन्न अंचलों में कुल 257 निजी नावों के मालिकों के साथ एकरारनामा किया गया है। आपदा की स्थिति में 213 आश्रय स्थल और 192 सामुदायिक रसोई स्थलों की पहचान की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 159 स्टैटिक और 41 मोबाइल मेडिकल टीमों के गठन की भी तैयारी की गई है।
विगत वर्ष 2024 में आई बाढ़ में कुल 22,259 परिवारों के बीच ₹15.58 करोड़ की राशि अनुग्रह अनुदान के रूप में वितरित की गई थी। इस वर्ष भी वैकल्पिक फसल योजना, पशुचारा आपूर्ति, पशु शिविर संचालन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ठोस तैयारियां की गई हैं। 16 अंचलों में 32 पशु आश्रय स्थल चिन्हित किए गए हैं।
जिले में 655 चापाकलों की मरम्मती कर उन्हें चालू कर दिया गया है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है, जिसका संपर्क नंबर 06152-45023 है।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपदा की स्थिति में मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए ससमय और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर निगम के मेयर व उपमेयर, जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी भी शामिल हुए।