माँझी नगर पंचायत में पर्यावरण दिवस पर फलदार पौधे व जूट थैलों का वितरण, प्लास्टिक बहिष्कार की अपील!
सारण | 5 जून 2025
सारण (बिहार): माँझी नगर पंचायत कार्यालय में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया एवं उप मुख्य पार्षद नीतू सिंह ने संयुक्त रूप से स्थानीय नागरिकों के बीच फलदार पौधों का वितरण किया।
पौधा वितरण कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद, कर्मी और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया ने पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शुद्ध पर्यावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उन्होंने प्लास्टिक पॉलिथीन के उपयोग को पूरी तरह बंद करने की अपील की और इसके स्थान पर जूट से बने थैले दुकानदारों के बीच वितरित किए। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने दैनिक जीवन में पॉलिथीन का बहिष्कार करने और पर्यावरण की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पौधारोपण को बढ़ावा देना था, बल्कि जनमानस को पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूक करना भी था।