ताजपुर पंचायत में बदला गया ट्रांसफॉर्मर, अंधेरे से मिली राहत!
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड के ताजपुर पंचायत स्थित एक वार्ड में लंबे समय से जल चुके 63 केवी के ट्रांसफॉर्मर के कारण पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ था। ट्रांसफॉर्मर की खराबी और लो वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों को रात के समय भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे थे, वहीं घरों में रोजमर्रा का काम भी बाधित हो रहा था।
स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद जदयू नेता निरंजन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सारण आयुक्त से संपर्क साधा और त्वरित कार्रवाई की मांग की। आयुक्त के निर्देश के बाद विभागीय स्तर पर पहल हुई और पुराने 63 केवी के ट्रांसफॉर्मर को हटाकर 100.6 केवी का नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया।
नए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना के साथ ही इलाके की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। इस मौके पर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। उपस्थित ग्रामीणों में राजेश सिंह, विनोद सिंह, अमन सिंह, नितीश कुमार सिंह, ब्रजेश सिंह और अमन सिंह, पिंटू यादव, अरविंद सिंह समेत कई लोग शामिल रहे।
स्थानीय निवासियों ने जदयू नेता निरंजन सिंह और प्रशासन का आभार जताया और कहा कि अब वे अंधेरे की समस्या से मुक्त हो गए हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आगे भी क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह तत्परता दिखाई जाएगी।