छपरा नगर निगम का "आपका शहर - आपकी बात" कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न!
/// जगत दर्शन न्यूज
छपरा (सारण), 4 जून 2025
शहरी क्षेत्रों के विकास और आम जनता की समस्याओं को सीधे पदाधिकारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर छपरा नगर निगम द्वारा “आपका शहर - आपकी बात” कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को वार्ड संख्या 45, पानी टंकी रौजा के पास किया गया।
यह कार्यक्रम जिलाधिकारी अमन समीर के आदेशानुसार और नगर आयुक्त सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। नवविस्तारित शहरी क्षेत्र में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और उनके क्रियान्वयन की निगरानी के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में नगर निगम के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को न केवल सुना बल्कि त्वरित समाधान का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। नागरिकों ने आवास योजना से वंचित रहने, राशन कार्ड नहीं बनने, जल जमाव, नाला निर्माण, नल-जल योजना की गड़बड़ी, खराब स्ट्रीट लाइट, और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नगर निगम के अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में कुल 12 लाभुकों द्वारा लिखित आवेदन दिए गए, जिन्हें मोबाइल ऐप में दर्ज कर लिया गया। इन आवेदनों में प्रमुख रूप से नल-जल, नाला निर्माण, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और शहरी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें थीं।
उपस्थित पदाधिकारियों में स्वच्छता पदाधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, नगर प्रबंधक अरविंद कुमार, नगर मिशन प्रबंधक सुधीर कुमार हिमांशु, सुमित कुमार, वेद प्रकाश वर्णवाल, पृथ्वी यादव, दीपक कुमार, नितेश चौहान, सीआरपी निशा सिंह, मीरा देवी, सीमा, सुषमा, मीना देवी, स्वच्छता साथी एम.डी. शैफ, वर्षा कुमारी, अनीता देवी, आनंद कुमार, सुधीर कुमार, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं अन्य लाभुक शामिल रहे।
लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आम जनता की बात सीधे पदाधिकारियों तक पहुंचती है और समाधान की उम्मीद बढ़ती है। अधिकारियों की तत्परता और जवाबदेही से लोगों में भरोसा भी मजबूत हो रहा है।