पर्यावरण योद्धा दिनेश कुमार चौहान का सम्मान, विकलांगता को बना लिया शक्ति!
///जगत दर्शन न्यूज
जैसलमेर (राजस्थान): रामदेवरा ऑक्सीजन जन आंदोलन के "एक व्यक्ति एक पेड़ अभियान" के तहत पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वृक्ष मित्र दिनेश कुमार चौहान का उनके निज आवास पर सम्मान किया गया। यह सम्मान अभियान के सांखू संयोजक वृक्ष मित्र श्रवण कुमार जाखड़ की प्रेरणा से उनकी पुत्री प्रियंका और दामाद राजेंद्र सिंह थाकन ने संयुक्त रूप से किया।
दिनेश कुमार चौहान, जो शारीरिक रूप से विकलांग हैं, पर्यावरण के क्षेत्र में लगातार प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं। वे न सिर्फ पेड़-पौधों को बचाने और लगाने में सक्रिय हैं, बल्कि आम लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने में भी जुटे हैं। उनके अथक प्रयासों से समाज में पर्यावरण के प्रति नई चेतना आई है।
सम्मान से पूर्व राजेंद्र सिंह थाकन और प्रियंका ने रामदेव बाबा के मंदिर में दर्शन कर देशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर दिनेश कुमार चौहान ने अपनी स्व-लिखित पुस्तक भी राजेंद्र सिंह थाकन को भेंट स्वरूप प्रदान की।
पर्यावरण के लिए उनका यह समर्पण समाज के लिए एक मिसाल है और यह सम्मान उनके जज्बे को और भी मजबूती प्रदान करता है।